Sahibganj News: घटने लगा गंगा का जलस्तर, दियारा में अभी भी बाढ़ जैसे हालात

साहिबगंज में बाढ़ के पानी से घिरा दियारा क्षेत्र
साहिबगंज में गंगा का जलस्तर घटा, दियारा में संकट बरकरार

साहिबगंज। जिले में पिछले कई दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा नदी के जलस्तर में अब गिरावट शुरू हो गई है। इससे लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है, लेकिन दियारा क्षेत्रों में अभी भी स्थिति सामान्य नहीं हुई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, साहिबगंज में गंगा का जलस्तर 27.40 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 15 सेंटीमीटर ऊपर है। दो दिन पहले यह जलस्तर 27.65 मीटर तक पहुंच गया था। जलस्तर में 25 सेंटीमीटर की कमी आई है, लेकिन अभी भी नदी लाल निशान के ऊपर ही है।

शहर में राहत, दियारा में आफत

सदर प्रखंड, राजमहल तथा उधवा प्रखंड के निचले इलाकों में पानी थोड़ा कम हुआ है, लेकिन दियारा के दर्जनों गांव-टोले अभी भी पानी से घिरे हैं। लोगों का संपर्क मुख्य सड़क से टूट गया है।

चारा बना सबसे बड़ी समस्या

सबसे ज्यादा परेशानी मवेशी पालकों को हो रही है। दियारा में हजारों एकड़ में लगी सभी फसलें पानी में डूब गई हैं। चारा पूरी तरह सड़ गया है। पशुपालक शमसुल हक ने बताया कि मवेशियों को सूखा भूसा खिलाया जा रहा है। हरा चारा कहीं नहीं मिल रहा। मवेशियों को सड़क किनारे या ऊंची जगह पर बांध कर रखना पड़ रहा है।

भोजन और शुद्ध पेयजल का संकट

बाढ़ के पानी के कारण कई घरों में चूल्हे नहीं जल रहे हैं। चापाकल और कुएं डूब जाने से पीने के साफ पानी की किल्लत हो गई है। महिलाएं नाव से पानी लाने को मजबूर हैं। कई परिवार पॉलिथीन तानकर ऊंचे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। प्रशासन की ओर से नाव और राहत सामग्री पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि मदद पर्याप्त नहीं है। लोगों को अब पूरी तरह पानी उतरने का इंतजार है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More