Breaking News: जेपीएससी अनियमितता जांच में सीआईडी का बड़ा एक्शन, कोचिंग सेंटर समेत कई ठिकानों पर रेड

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को राज्यभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जांच एजेंसी ने रांची, बोकारो और पलामू सहित कई जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली और कई लोगों से पूछताछ की। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्य भी जब्त किए गए।
राजधानी रांची में सीआईडी की टीम ने एक निजी कोचिंग संस्थान में छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की और संस्थान से जुड़े लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई परीक्षा माफिया अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर की जा रही है।
बोकारो में टीम ने सेक्टर-3 स्थित पूर्व जेपीएससी सदस्य सनात प्रकाश के सरकारी आवास का निरीक्षण किया। वहीं पलामू में शिक्षक रविशंकर कुमार और शिक्षक संतोष कुमार सिंह के आवास समेत तीन स्थानों पर तलाशी ली गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरों, अलमारियों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई तथा कई अहम कागजात जब्त किए गए।
सीआईडी के अनुसार, जांच केवल परीक्षा में कथित अनियमितताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी गहन पड़ताल की जा रही है। जब्त सामग्रियों के विश्लेषण के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


