Sahebganj News: सिविल सर्जन कार्यालय में प्रभारी प्रधान सहायक अश्वनी कुमार सिन्हा को दी गई विदाई

साहिबगंज: सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में प्रभारी प्रधान सहायक अश्वनी कुमार सिन्हा के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 35 वर्षों तक स्वास्थ्य विभाग में लिपिक के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले सिन्हा के कार्यकाल की सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सिन्हा को सम्मानित करने के साथ हुई। इस दौरान कार्यालय का माहौल भावुक रहा। अपने संबोधन में अश्वनी कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि उनके पूरे सेवा काल में किसी के साथ कोई विवाद नहीं रहा और सभी सहकर्मियों का उन्हें भरपूर सहयोग मिला।
उन्होंने विशेष रूप से सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान सहित दिलीप कुमार सिंह, चन्द्रभूषण कुमार, नीरज कुमार तिवारी तथा अन्य कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। सिन्हा भावुक होकर बोले कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी या कर्मचारी मुझे किसी कार्य के लिए बुलाएंगे, तो विभाग के हित में हरसंभव सहयोग देने के लिए मैं स्वयं उपस्थित रहूंगा।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सिन्हा के लंबे, स्वच्छ एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना की और उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि सिन्हा का अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण और सहयोग की भावना नए कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में कार्यालय के सभी पदाधिकारी, लिपिक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।


