Koderma News: सेक्रेड हार्ट स्कूल में नर्सरी से तीसरी तक के बच्चों का कार्यक्रम आयोजित
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: सेक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया में शनिवार को नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के विद्यार्थियों के लिए ‘अच्छी आदतें’ विषय पर विशेष सह-पाठ्यचर्या गतिविधि का आयोजन किया गया। गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही अच्छे संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘बड़ों का सम्मान करें’ विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक रोल प्ले प्रस्तुत किया। अपनी मासूम और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने माता-पिता, दादा-दादी, शिक्षकों एवं अन्य बड़ों का सम्मान करने, उनकी बात सुनने तथा उनके प्रति प्रेम और विनम्रता का व्यवहार करने का संदेश दिया।
वहीं, कक्षा प्रथम से तृतीय तक के विद्यार्थियों ने अपने दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली ‘अच्छी आदतों एवं व्यक्तिगत स्वच्छता’ से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने नियमित रूप से हाथ धोना, दाँतों की सफाई करना, नाखून काटना, साफ-सुथरे कपड़े पहनना, अपने आसपास की स्वच्छता बनाए रखना, स्वस्थ भोजन करना तथा अनुशासित दिनचर्या अपनाने जैसी आदतों को प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की नींव बचपन में ही पड़ती है। अच्छी आदतें, स्वच्छता और बड़ों का सम्मान केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इन्हें बच्चों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारी, स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों को केवल सीखने का अवसर नहीं देतीं, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। कोऑर्डिनेटर अलका सिंह, प्रियंका मोदी, सपना शर्मा, प्रियंका सिंह, अनुष्का कुमारी, दीक्षा सिंह, लता सिन्हा, पूजा अरोड़ा, नीतू प्रिया, रेखा राणा, स्वीटी सिन्हा, सीमा जैन सहित अन्य शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गतिविधि सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


