Giridih News: वंदे मातरम् सामूहिक गायन को लेकर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बैठक, गिनीज रिकॉर्ड की रणनीति तय

गिरिडीह के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में वंदे मातरम् सामूहिक गायन की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

गिरिडीह: विद्या भारती द्वारा आयोजित ‘नमामि भारतम्–वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए आवश्यक तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में जनजातीय शिक्षा समिति के प्रदेश मंत्री दिलीप पाहन, विद्या विकास समिति झारखंड के प्रदेश मंत्री डॉ. ब्रजेश सिंह, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार और सचिव डॉ. शालिनी खोवाला उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अतिथि परिचय के साथ किया। प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने मुख्य अतिथि दिलीप पाहन को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं प्रांत सेवा प्रमुख सह विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति सदस्य मुकेश ने प्रदेश मंत्री डॉ. ब्रजेश सिंह को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

दिलीप पाहन ने कहा कि वंदे मातरम् के सामूहिक गायन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष विद्या भारती के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसी के आगाज के रूप में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में बैनर, साक्ष्य प्रस्तुति और प्रमाणीकरण से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया।

डॉ. ब्रजेश सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम को समाजव्यापी बनाना है और वंदे मातरम् को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण से पूर्व हुए वंदे मातरम् गायन की सफलता से इस राष्ट्रव्यापी योजना का जन्म हुआ। संपूर्ण भारत में एक साथ, एक स्वर और एक लय में वंदे मातरम् का गायन बड़ी चुनौती है। इसके लिए घर-घर जाकर लोगों से सहभागिता का आग्रह करना होगा।

प्रधानाचार्य आनंद कमल ने आश्वस्त किया कि विद्यालय परिवार अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी शक्ति से जुटेगा।

अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने कहा कि देश वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने वंदे मातरम् को केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की गाथा बताया। उन्होंने कहा कि इसके स्वर ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् को स्वरबद्ध करने का कार्य रवीन्द्रनाथ टैगोर ने किया था।

उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी है। इस प्रकार 25 सितंबर का दिन विचार और भाव के संगम के रूप में महत्वपूर्ण है।

अंत में विद्यालय की सचिव डॉ. शालिनी खोवाला ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सामूहिक वंदे मातरम् गायन को गौरव का विषय बताते हुए रांची से आए अतिथियों के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर माल्डा के प्रधानाचार्य सुगदेव पंडित, बेंगाबाद के प्रधानाचार्य किशन जी, बंदरकुप्पी के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सहित विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More