Deoghar News:चांदमारी मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन हटेगी, छह माह बाद मिली बड़ी राहत 

मधुपुर के चांदमारी मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन को जल्द सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। करीब छह माह पहले स्थानीय लोगों ने इस समस्या को मंत्री के समक्ष उठाया था, जिसके बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू की।

 देवघर: मधुपुर शहर के चांदमारी मोहल्ले के लोगों को लंबे समय से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से जुड़ी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। मोहल्ले के कई घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई थी। विशेषकर बरसात के मौसम में बिजली तारों के कारण हादसे की आशंका से क्षेत्र के लोगों में हमेशा भय और चिंता का माहौल बना रहता था।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को लगभग छह माह पूर्व माननीय मंत्री के समक्ष उठाया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद विभाग द्वारा तकनीकी प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे क्षेत्र से संबंधित पोल एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में कुछ समय लगा, लेकिन अब सभी आवश्यक पोल और उपकरण उपलब्ध हो चुके हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लाइन स्थानांतरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे मोहल्लेवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

इस संबंध में बिजली विभाग के प्रतिनिधि अजय सिंह तथा ग्रामीण बिजली विभाग के प्रतिनिधि शौकत भाई ने भी स्थल का निरीक्षण कर कार्य की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं नगर कमिटी के सदस्यों ने भी इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाने में सक्रिय सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द से जल्द कार्य पूरा कर चांदमारी मोहल्ले को इस गंभीर खतरे से स्थायी रूप से मुक्त करेगा।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More