Sahibganj News: मॉडल कॉलेज राजमहल में प्रेमचंद जयंती पर वृक्षारोपण, साहित्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

साहिबगंज: जिले के राजमहल स्थित मॉडल कॉलेज में गुरुवार को माहौल बिल्कुल अलग था। कक्षाओं की जगह प्रांगण में साहित्य की गूंज थी और हाथों में किताबों के साथ पौधे भी थे। मौका था हिंदी साहित्य के उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती का। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में प्रेमचंद को याद करने के साथ पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया गया।
हिंदी विभाग के डॉ. अमित कुमार ने संचालन करते हुए बताया कि प्रेमचंद सिर्फ लेखक नहीं थे बल्कि समाज का आईना थे। उन्होंने कहा कि गोदान, निर्मला, गबन जैसी रचनाएं आज भी गांव, किसान और आम आदमी की पीड़ा को उतनी ही शिद्दत से दिखाती हैं जितनी 100 साल पहले दिखाती थीं।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्रेमचंद ने कलम से समाज की कुरीतियों पर चोट की और हम पौधे लगाकर धरती को बचा सकते हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि अच्छी किताबें पढ़ो और साथ में धरती को भी हरा भरा रखो क्योंकि साहित्य और प्रकृति दोनों ही हमारी विरासत हैं।
जयंती के बाद कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण किया गया। छात्राएं सुधा, ऊषा और शरीफा ने पौधे लगाए जबकि छात्र प्रसन्नजीत, राहुल समेत कई छात्र छात्राएं इस मुहिम में शामिल हुए। कुल मिलाकर मॉडल कॉलेज ने इस बार जयंती को सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रखा। यहां प्रेमचंद के विचारों को जमीन पर उतारने की कोशिश हुई, एक तरफ शब्दों से समाज बदलने की बात और दूसरी तरफ पौधों से पर्यावरण बचाने का संकल्प।


