Deoghar News: श्रावणी मेला में सुलभ जलार्पण हेतु बाबा मंदिर में लगेंगे विशेष अरघा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारी पूरी

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में चल रही तैयारियों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में लगाए जाने वाले विशेष अरघा की व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कतारबद्ध, सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने के लिए इस वर्ष भी मंदिर में विशेष अरघा की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाबा मंदिर के मंझला खंड में मुख्य अरघा स्थापित किया जाएगा, जहां सामान्य कतार और कूपन लेकर आने वाले श्रद्धालु जलार्पण के साथ बाबा का दर्शन कर निर्धारित निकास मार्ग से बाहर निकल सकेंगे।
इसके अलावा मंदिर के निकास द्वार के समीप नीर कुंड के पास बाह्य अरघा भी स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, असहाय श्रद्धालुओं और कम समय में जलार्पण करने की इच्छा रखने वाले भक्तों को ध्यान में रखकर की गई है। उपायुक्त ने बताया कि बाह्य अरघा में अर्पित गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से सीधे नीर कुंड होते हुए गर्भगृह स्थित बाबा वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर पहुंचेगा, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था भी बनी रहेगी और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण में सुलभ जलार्पण और दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।


