Deoghar News: गुरु पूर्णिमा पर बाबा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने की बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना

देवघर: आषाढ़ मास की पूर्णिमा अर्थात गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों और स्थानीय क्षेत्रों से आए लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और स्पर्श दर्शन के लिए बाबा मंदिर पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका सिंह पांडे भी बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचीं और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने बाबा धाम पहुंचते हैं। इसी क्रम में वह भी बाबा का आशीर्वाद लेने आई हैं। उन्होंने कहा कि कल से सावन माह और विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू हो रहा है, जिसके लिए सरकार और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का एक प्रमुख कारण यह भी है कि आज स्पर्श पूजा का अंतिम दिन है। 30 जुलाई से श्रावणी मेला प्रारंभ होने के साथ ही मंदिर में अरघा व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसके बाद पूरे सावन माह में श्रद्धालु अरघा के माध्यम से जलार्पण करेंगे और स्पर्श पूजा स्थगित रहेगी।
मंदिर के पंडा-पुजारियों के अनुसार गुरु पूर्णिमा के दिन बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक और पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा करने से भगवान शिव और गुरु दोनों की कृपा प्राप्त होती है। इसी आस्था के कारण मंदिर में देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कल से शुरू होने वाले श्रावणी मेले में लाखों कांवरियों के आगमन के साथ बाबा नगरी पूरी तरह शिवमय हो जाएगी।


