Sahebganj News: महिला संघ ने पहाड़ों और स्कूल परिसर में फेंके सीड बॉल्स, ग्लोबल वार्मिंग से बचाव की पहल

साहिबगंज: विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला संघ, शाखा साहिबगंज की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल की गई।
संघ की महिलाओं ने जामुन, लीची, नींबू, सपाटू और खजूर के बीजों से तकरीबन 250 सीड बॉल्स तैयार कर उन्हें मूक धिर विद्यालय के पीछे की खुली जगह और आस-पास के पहाड़ों पर लगाया। बारिश होने पर नमी से मिट्टी गल जाएगी और इन बीजों से अपने आप पौधे उग जाएंगे।
कार्यक्रम के संबंध में अध्यक्ष रुचि भरतिया ने बताया कि आने वाले कल के लिए स्वच्छ हवा, साफ पानी और उपजाऊ मिट्टी सुनिश्चित करने के लिए सीड बॉल्स एक प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस हर वर्ष 28 जुलाई को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के बुरे प्रभावों से पृथ्वी को बचाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा।
इस मौके पर अध्यक्ष रुचि भरतिया, सचिव नीलम शर्मा, श्यामलता केजरीवाल, प्रतिमा चिरानिया, किरण दिवान, रेणु तमाकुवाला, नेहा डोकानियां, चंदा शर्मा समेत संघ की अन्य महिला सदस्य उपस्थित थीं। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे आगे भी इस तरह के पर्यावरणीय कार्यक्रमों के माध्यम से हरियाली बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने का काम करती रहेंगी।


