धर्मेंद्र प्रधान की नैतिकता का दिया उदाहरण, JPSC मामले में सरकार पर साधा निशाना

गिरिडीह: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा छात्रों के सम्मान और प्रशासनिक शुचिता के लिए दिए गए इस्तीफे को “राजनीतिक नैतिकता का ऐतिहासिक उदाहरण” बताया है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड में हाल ही में उजागर हुए बड़े JPSC घोटाले को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है।
प्रेस को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता ने कहा
“एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार है जहाँ छात्रों के विश्वास और पारदर्शिता के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जी देश विरोधी ताकतों की मंशा पर पानी फेरते हुए, छात्रों के हित, उन्हें कानूनी पचड़े से बचाने को लेकर इस्तीफा देकर नैतिकता का उच्चतम मानदंड स्थापित करते हैं। वहीं दूसरी तरफ झारखंड की सरकार है, जहाँ JPSC जैसी प्रतिष्ठित संस्था को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है और राज्य के मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्री धृतराष्ट्र बनकर तमाशा देख रहे हैं।”
JPSC घोटाले पर प्रदेश प्रवक्ता के 5 सीधे और तीखे सवाल :
ब्लैकलिस्टेड एजेंसी को परीक्षा की जिम्मेदारी क्यों?
राज्य सरकार और JPSC प्रशासन ने जानबूझकर एक ऐसी एजेंसी को परीक्षा आयोजित करने का ठेका दिया जो पहले से ही ब्लैकलिस्टेड (दागी) थी। यह सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य का सौदा करने जैसा है।
बिना हस्ताक्षर के रिजल्ट जारी करने का अजूबा
JPSC की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी के आधिकारिक हस्ताक्षर के ही जारी कर दिया गया। यह प्रशासनिक इतिहास की अनोखी और संदेहास्पद घटना है जो बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी की तरफ साफ इशारा करती है।
धांधली के स्पष्ट सबूतों के बावजूद JPSC PT रद्द क्यों नहीं?
छात्र लगातार सड़कों पर उतरकर धांधली के सबूत दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) को रद्द नहीं किया गया है। सरकार किसे बचाने की कोशिश कर रही है?
मुख्यमंत्री और मंत्रियों का ‘मौन’ क्या घोटाले में सहमति है?
इतने बड़े घोटाले और गड़बड़ियों के उजागर होने के बाद भी मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के मंत्रियों का मुंह तक नहीं खुल रहा है। इस पूरी धांधली पर सरकार की रहस्यमयी चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
केंद्र से सीख लेकर कब देंगे इस्तीफा?
केंद्र सरकार में परीक्षा में जरा सा भी भ्रम होने पर CBI जांच बैठती है और मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देते हैं। झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के बाद राज्य के संबंधित मंत्री या मुख्यमंत्री आखिर अपना इस्तीफा कब देंगे?
भाजपा का संकल्प
प्रदेश प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड के युवाओं के साथ छलावा बर्दाश्त नहीं करेगी। जब तक JPSC PT परीक्षा को रद्द कर इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई से नहीं कराई जाती और दोषी सफेदपोशों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा सड़क से लेकर सदन तक युवाओं की इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी।


