Sahebganj News: आत्मा सभागार में कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न

साहिबगंज के आत्मा सभागार में कृषि व भूमि संरक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसके बाद निदेशक विकास कुमार ने बरहेट के भागाबांध तालाब और कुसमा बीआरसी केंद्र का निरीक्षण किया।

साहिबगंज: कृषि, आत्मा, भूमि संरक्षण एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आत्मा सभागार, साहिबगंज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक, समिति, झारखंड, रांची ने की। बैठक में जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम), सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में आत्मा योजना के तहत संचालित किसान समृद्धि योजना, सोलर पंप अधिष्ठापन, कृषक पाठशालाओं के संचालन और विभागीय योजनाओं के वित्तीय व्यय की प्रगति की समीक्षा की गई। निदेशक ने सभी प्रखंडों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सोलर पंपों की स्थापना में तेजी लाने, कृषक पाठशालाओं का शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने और योजनाओं के वित्तीय व्यय में गति लाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के बाद निदेशक, भूमि संरक्षण विकास कुमार ने बरहेट प्रखंड का दौरा किया। सर्वप्रथम गोपलाडीह पंचायत स्थित भागाबांध गांव में उन्होंने वर्ष 2025-26 में जीर्णोद्धारित तालाब का निरीक्षण किया। लाभुक समिति के सदस्यों से संवाद कर जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता में वृद्धि और विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर के उपयोग की भी जानकारी ली।

तत्पश्चात कुसमा पंचायत, बीआरसी केंद्र में उन्होंने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) का निरीक्षण किया। यहां प्राकृतिक कृषि आदानों के उत्पादन, वितरण और योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आठ सीआरपी सखी दीदियों ने प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार और किसानों को बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र, अग्निअस्त्र सहित अन्य जैविक आदानों की स्थानीय उपलब्धता एवं उपयोग की जानकारी दी।

निदेशक विकास कुमार ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और किसानों की उत्पादन लागत कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण जैविक आदानों के उत्पादन को बढ़ावा देने और अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन का रूप देकर किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने के लिए सभी अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोक्ता, जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मंटू कुमार सहित संबंधित प्रखंडों के कृषि पदाधिकारी, बीटीएम, एटीएम एवं विभागीय कर्मी मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More