पाकुड़ में विशेष वाहन जांच अभियान, हेलमेट और दस्तावेजों की हुई सघन जांच

पाकुड़: सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा डीसी आवास चौक पर विशेष वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), नंबर प्लेट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। साथ ही बिना वैध दस्तावेजों के वाहन नहीं चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। आम नागरिकों से सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण एवं नियमों के अनुरूप वाहन चलाने की अपील की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


