बरसात में गुलजार हुआ साहिबगंज का मोती झरना, उमड़ रही पर्यटकों की भीड़

साहिबगंज: बरसात की बूंदों के साथ ही जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोती झरना एक बार फिर से अपने पूरे यौवन पर आ गया है। पहाड़ों से गिरता झरने का पानी और चारों ओर की हरियाली पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही है। इस मौसम में मोती झरना का नजारा देखते ही बनता है। सोशल मीडिया पर भी मोती झरना की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं। एक पोस्ट में लिखा गया – “बरसात के मौसम में हमारा प्यारा मोती झरना कुछ ऐसा दिखता है।” तस्वीर में 100 फीट की ऊंचाई से गिरता सफेद पानी और उसके नीचे भीगते लोग साफ देखे जा सकते हैं।
बरसात में मोती झरना का पानी उफान पर है। ऊंची चट्टानों से गिरता पानी दूर से ही गर्जना करता सुनाई देता है। झरने के नीचे बना कुंड बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रत्येक दिन यहां सैकड़ों लोग झरने के पानी में नहाते, सेल्फी लेते और परिवार के साथ पिकनिक मनाते नजर आ रहे हैं। झरने के ठीक बगल में स्थित शिव मंदिर की वजह से यह जगह धार्मिक आस्था का केंद्र भी है। लाल और सफेद रंग का मंदिर और उसके सामने बनी रंगीन सीढ़ियां इस जगह की सुंदरता को और बढ़ा देती हैं। हिंदू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो का कहना है कि मानसून शुरू होते ही हर साल दूर-दराज से लाखों लोग मोती झरना का जलप्रपात देखने आते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फिसलन भरी चट्टानों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती जरूरी है ताकि कोई हादसा न हो।
उन्होंने कहा कि प्रकृति प्रेमियों के लिए मोती झरना बरसात में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता। उन्होंने कहा कि अगर आप भी इस मानसून में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो साहिबगंज का मोती झरना आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए। इधर, जिला प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे झरने के पास फिसलन भरे पत्थरों से दूर रहें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। तेज बहाव के कारण गहरे पानी में न जाएं। सचमुच प्रकृति प्रेमियों के लिए बरसात में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता मोती झरना।


