Giridih News: 31 लीटर जल और 350 किमी की पैदल यात्रा, शिवभक्त महावीर भगत की कठिन साधना

गिरिडीह: सनातन धर्म और देवों के देव महादेव के प्रति अटूट आस्था का एक अनोखा उदाहरण देखने को मिल रहा है। गिरिडीह के रहने वाले शिवभक्त महावीर भगत देश में हिंदुत्व का दीप जलाने और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से एक बेहद कठिन और श्रद्धा से भरी कांवर यात्रा पर निकले हैं। 31 लीटर जल लेकर कांवर यात्रा पर निकले हैं और 350 किलो मीटर की यात्रा तय करेंगे।
महावीर भगत ने अपनी इस पावन यात्रा की शुरुआत गिरिडीह की बड़ाकर नदी से पवित्र जल उठाकर की। यहाँ से वे पैदल यात्रा करते हुए सुल्तानगंज पहुंचेंगे। पवित्र सावन महीने में वे सबसे पहले सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद, वे उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाकर पुनः 31 लीटर जल अपने कांवर में उठाएंगे और बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए प्रस्थान करेंगे, जहाँ वे बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक करेंगे।
जमुआ पहुंचने पर स्वागत, ‘बोल बम’ के नारों से गूंजा इलाका
महावीर भगत जैसे ही पैदल यात्रा करते हुए जमुआ पहुंचे, स्थानीय सनातनियों और श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भक्तों का उत्साह ऐसा था कि वे महावीर भगत की हौसला अफजाई के लिए उनके साथ जमुआ से मिर्जागंज तक पैदल गए। इस दौरान पूरा मार्ग ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
महावीर भगत ने कहा कि इस यात्रा के जरिए हिंदुत्व का दीप जलाकर पूरे देश में प्रकाश फैलाने और सामाजिक एकता का संदेश देने का प्रयास कर रहा हूँ। मौके पर इनकी रही मौजूदगी: उनका उत्साहवर्धन करने के लिए जमुआ में मुख्य रूप से अभिषेक कुमार मिश्रा, अंकित गुप्ता, सतीश सेठ, अमित साव, राहुल कुमार साव, पंकज गुप्ता सहित स्थानीय लोग और शिवभक्त मौजूद थे।


