Koderma News: ग्रिज़ली विद्यालय में विश्व इमोजी दिवस पर प्री-प्राइमरी बच्चों ने बिखेरी अनूठी छटा
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय में विश्व इमोजी दिवस के अवसर पर प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए आनंद, रचनात्मकता एवं आत्म-अभिव्यक्ति से भरपूर गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न भावनाओं की पहचान कराना, उन्हें सहजता से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना तथा उनके संवाद कौशल एवं आत्मविश्वास का विकास करना था।
कार्यक्रम का सफल समन्वयन प्री-प्राइमरी समन्वयक बनानी नियोगी के मार्गदर्शन में किया गया। गतिविधि प्रभारी श्वेता प्रकाश रहीं, जबकि आयोजन को सफल बनाने में एवेली बर्नवाल एवं काजल प्रवीण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर एल.के.जी. के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इमोजी पज़ल सॉल्व करें, गुब्बारों पर भाव-चित्र (एक्सप्रेशन) चिपकाएँ, एक्सप्रेशन वॉक तथा सेल्फी कॉर्नर जैसी आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सेल्फी कॉर्नर में बच्चों ने विभिन्न इमोजी भाव-भंगिमाओं के साथ मनमोहक तस्वीरें खिंचवाईं, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने खुशी, आश्चर्य, हँसी, प्रेम, उदासी तथा अन्य भावनाओं को पहचानना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ व्यक्त करना सीखा। रंग-बिरंगे इमोजी, आकर्षक सजावट और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को उल्लास एवं आनंद से भर दिया।
कार्यक्रम ने बच्चों में रचनात्मकता, भावनात्मक समझ, संप्रेषण कौशल तथा आत्मविश्वास के विकास को भी प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रारंभिक शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके भावनात्मक, सामाजिक एवं रचनात्मक विकास को भी सशक्त बनाना है।
विश्व इमोजी दिवस जैसी गतिविधियाँ बच्चों को अपनी भावनाओं को सहजता से समझने और सकारात्मक ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, रचनात्मक सोच तथा सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, मधुर मुस्कानों एवं यादगार अनुभवों के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि हर मुस्कान, हर भावना और हर अभिव्यक्ति का अपना विशेष महत्व होता है तथा इन्हें समझना और सम्मान देना प्रत्येक बच्चे के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


