Koderma News: 25 जुलाई से शुरू हो रहा है चातुर्मास, देवउठनी एकादशी तक थम जाएंगे मांगलिक कार्य

कोडरमा के पंडित कुंतलेश पांडेय के अनुसार इस वर्ष चातुर्मास का आरंभ 25 जुलाई से हो रहा है, जिसमें 119 दिनों तक विवाह और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य वर्जित रहेंगे तथा शिव-विष्णु आराधना का विशेष महत्व होगा।

कोडरमा: सनातन धर्म में चातुर्मास को साधना, तप, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का सबसे महत्वपूर्ण काल माना जाता है। इस वर्ष चातुर्मास का आरंभ 25 जुलाई 2026 शनिवार को आषाढ़ शुक्ल देवशयनी एकादशी से होगा और इसका समापन 20 नवंबर 2026 शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल देवउठनी एकादशी के दिन होगा। लगभग 119 दिनों तक चलने वाले इस पवित्र काल में श्रावण, भाद्रपद, आश्विन और कार्तिक मास शामिल रहेंगे।

पं कुंतलेश पांडेय अनुसार देवशयनी एकादशी से भगवान श्रीहरि विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और देवउठनी एकादशी के दिन जागृत होते हैं। इस अवधि में भगवान शिव एवं माता पार्वती सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं, इसलिए शिव आराधना, जप, तप, व्रत, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना गया है।

चातुर्मास में भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी, भगवान शिव, श्रीकृष्ण, मां दुर्गा तथा गुरु की उपासना विशेष फलदायी होती है। श्रद्धालुओं को विष्णु सहस्रनाम, श्रीमद्भगवद्गीता, रामचरितमानस का पाठ, “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप, नियमित पूजा-अर्चना, दीपदान, अन्न एवं वस्त्र दान तथा सात्विक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी जाती है।

पं कुंतलेश पांडेय ने बताया कि चातुर्मास के दौरान मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, उपनयन संस्कार तथा नए व्यवसाय की शुरुआत से परहेज किया जाता है। इसके अलावा मांस, मदिरा और अन्य नशीले पदार्थों का त्याग करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रावण में हरी पत्तेदार सब्जियां, भाद्रपद में दही, आश्विन में दूध का सीमित सेवन तथा कार्तिक में दाल और राई का त्याग शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार स्कंद पुराण में कहा गया है कि जो श्रद्धालु चातुर्मास में नियम, संयम और भक्ति के साथ साधना करता है, उसे अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

चातुर्मास के दौरान रक्षाबंधन 28 अगस्त, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर, गणेश चतुर्थी 14 सितंबर, शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर तथा दीपावली 9 नवंबर जैसे प्रमुख पर्व मनाए जाएंगे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More