Pakur News: फूलों से सजे रथ पर विराजमान हुए भगवान जगन्नाथ, दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु

पाकुड़: भगवान मदन मोहन की रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार से ऐतिहासिक रथ मेला का शुभारंभ हो गया। मेले के पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्र के लोग मेला मैदान पहुंचने लगे। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रथ मेला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सभी दुकानदारों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
मेले में इस बार जलपरी शो, जादू का प्रदर्शन, बड़ी नाव (झूला), बच्चों के मनोरंजन के विभिन्न झूले तथा खान-पान और घरेलू सामान की आकर्षक दुकानों ने लोगों का ध्यान खींचा। शाम होते ही मेला परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद लेने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।


