Hazaribagh News: बीडीओ और सीओ ने डिजिटल बिरसा कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी

हज़ारीबाग: आधुनिक किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बरही प्रखंड परिसर से शुक्रवार को बीडीओ जयपाल महतो एवं सीओ चंद्रशेखर कुणाल ने संयुक्त रूप से डिजिटल बिरसा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान बीडीओ ने बताया कि डिजिटल बिरसा कृषि रथ के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उनके गांव तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही दलहन – तिलहन की उन्नत खेती, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, वैकल्पिक एवं समेकित कृषि प्रणाली, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्रीकरण एवं मत्स्यपालन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
वहीं बीटीएम राकेश कुमार ने किसानों से कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है। साथ ही बताया कि रथ के साथ चलने वाले कृषि वैज्ञानिक, विभागीय पदाधिकारी और कृषि प्रसार कर्मी किसानों की तकनीकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे तथा योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
वहीं बीटीएम राकेश कुमार ने किसानों से अपील किया कि डिजिटल बिरसा कृषि रथ उनके गांव या पंचायत पहुंचे तो अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करें और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं। बता दें कि यह रथ आज और कल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण करेगी।


