जमुआ में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों को 15100 हेल्पलाइन और नशा उन्मूलन कानून की जानकारी

गिरिडीह। सोमवार को जमुआ प्रखंड के जरिडीह पंचायत अंतर्गत मीरा चौक में नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देश तथा डालसा, गिरिडीह के आदेशानुसार 90 दिवसीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य विजय भारती ने की, जबकि मंच संचालन समाजसेवी हीरालाल वर्मा ने किया। विधिक सहायता केंद्र के पीएलवी रमेश कुमार कुशवाहा ने उपस्थित ग्रामीणों को 15100 निःशुल्क टोल-फ्री नंबर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15100 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) का राष्ट्रीय टोल-फ्री कानूनी सहायता हेल्पलाइन नंबर है। इस नंबर पर कोई भी नागरिक मुफ्त कानूनी सलाह प्राप्त करने, अपने अधिकारों की जानकारी लेने तथा कानूनी कार्यवाही में सहायता के लिए संपर्क कर सकता है।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जिन्हें मुफ्त कानूनी सहायता एवं न्याय प्राप्त करने में मदद की आवश्यकता होती है।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नशा उन्मूलन के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नशा समाज को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। यदि समय रहते समाज इसके प्रति जागरूक होकर रोकथाम के लिए आगे नहीं आता है, तो इसके दूरगामी परिणाम अत्यंत घातक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोग नशे को “ना” कह सकें।
उन्होंने नशा पीड़ितों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन हेतु विधिक सेवा योजना-2015 की जानकारी भी दी। साथ ही 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया।
इस अवसर पर राजीव रंजन, वार्ड सदस्य लखेश्वर महतो, बजरंगी वर्मा, अशोक कुशवाहा, कमल महतो, बासुदेव वर्मा, बिंदल वर्मा, विनोद वर्मा, जयराम महतो, रेशमन महतो, सोना महतो, बद्री महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


