Dumka News: उत्क्रमित उच्च विद्यालय कड़बिंधा में “पेरेंट्स-टीचर मीटिंग” का सफल आयोजन

दुमका: प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कड़बिंधा में शुक्रवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक जीवन मोदी की अध्यक्षता में पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक जीवन मोदी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में विद्यालय और अभिभावकों की साझी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने अभिभावकों से नियमित रूप से बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, उपस्थिति एवं दैनिक गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।बैठक के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मासिक मूल्यांकन, उपस्थिति, अनुशासन तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जानकारी अभिभावकों को दी। साथ ही बच्चों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने, समय पर विद्यालय भेजने तथा घर पर सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी जानकारी दी गई तथा विद्यार्थियों की समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक जीवन मोदी ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकें आयोजित करता रहेगा, ताकि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके और बच्चों की शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


