Giridih News: पुलिस ने किया 13 चोरी कांडों का उद्भेदन, शातिर गिरोह के 07 अपराधी गिरफ्तार

गिरिडीह: पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के कार्यालय से दिनांक 21.10.2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विगत दिनों बगोदर-सरिया एवं खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित चोरी की घटनाओं के उद्भेदन हेतु एसपी के निर्देशानुसार एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया था।
इसी क्रम में दिनांक 16.10.2026 की रात सरिया थाना एवं बरकट्ठा ओ०पी० गश्ती दल द्वारा बागोडीह में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधकर्मियों का पीछा कर एक पल्सर मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने के लिए उपयोग में लाये जाने वाले लोहे के औजार, की-पैड मोबाइल एवं अन्य सामग्री बरामद की गई थी। उस दौरान अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गये थे।
इस संबंध में सरिया थाना कांड संख्या 159/2026 दर्ज किया गया था। SIT ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 07 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से सरिया, धनवार, बिरनी एवं बगोदर थाना क्षेत्र के कुल 13 चोरी कांडों का सफल उद्भेदन हुआ है।
बरामदगी :-
- गलाया हुआ सोना- लगभग 24.5 ग्राम (अनुमानित मूल्य ₹3,70,000/-)
- चांदी की पायल- 01 पीस, नगद- ₹25,000/-, कांसा एवं पीतल के बर्तन- करीब 25 किलोग्राम, गैस सिलेंडर- 02 पीस, घटना में प्रयुक्त 01 पल्सर व 01 बुलेट मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन व ताला तोड़ने का औजार।
गिरफ्तार अभियुक्त – सभी राजधनवार, थाना धनवार के रहने वाले हैं – कन्हैया कुमार सिंह (20 वर्ष), सुजीत कुमार सिंह, कृष कुमार, संतोष प्रसाद (42 वर्ष), हर्ष कुमार, अनिल वर्मा, राजेश कुमार कसेरा (48 वर्ष)। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया धनंजय राम, खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार सहित सभी थाना प्रभारी व तकनीकी शाखा शामिल थे।


