महेशमारा में बनेगा भव्य श्री राधा-कृष्ण मंदिर, डॉ. सुनील खवाड़े ने रखी आधारशिला

देवघर: शहर के महेशमारा में भव्य श्री राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण होना है। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सोमवार को वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने आमजनों की उपस्थिति में भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी।
उन्होंने पहली ईंट जोड़कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया। इस अवसर पर पुरोहित जनार्दन पंडित ने विधि-विधानपूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कराया।
मौके पर डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि महेशमारा में श्री राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण होना अत्यंत ही हर्ष का विषय है। निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग करेंगे। हमलोगों का प्रयास है कि यह मंदिर भव्य बने, ताकि दूर-दराज से लोग यहां दर्शन व पूजन को पहुंच सकें। मंदिर की कलाकृति देखने लायक होगी। मंदिर बन जाने से आसपास का वातावरण भी आध्यात्मिक होगा। मंदिर में भक्तों की सुविधा का भी विशेष ख्याल रखकर कई कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने आमलोगों से भी अपील की कि श्री राधा-कृष्ण मंदिर निर्माण में तन, मन, धन से सहयोग कर पुण्य के भागी बनें। मौके पर गिरिधारी मंडल, मनोज पांडेय, सत्यनारायण खवाड़े, गोपाल मंडल, संजय मंडल, छोटन मंडल, जलेश्वर मंडल, मांगन पलियार समेत कई लोग मौजूद थे।




