साहिबगंज में ‘मेरा युवा भारत’ ने मनाई बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय जयंती, युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

साहिबगंज में 'मेरा युवा भारत' की ओर से महान साहित्यकार और 'वंदे मातरम्' के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

साहिबगंज: ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता एवं महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत, साहिबगंज की ओर से एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा क्लब के सदस्यों को बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के जीवन, साहित्यिक योगदान और राष्ट्रप्रेम की भावना से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में रविकांत तांती और कौशर अंसारी उपस्थित रहे। वहीं यूथ क्लब के अध्यक्ष शैलेश कुमार, नीलू कुमारी और रेणु कुमारी समेत बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशर अंसारी ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके विचार देशभक्ति, नैतिक मूल्यों, शिक्षा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, ईमानदारी और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के तहत सभी युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अंत में मेरा युवा भारत के पूर्व स्वयंसेवक चंदन कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में दर्जनों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More