Koderma News: अकीदत और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ मुहर्रम का पर्व
2-1024x614.jpeg)
सतगावां: प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम की दशमी के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुस्लिम समुदाय द्वारा मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, आस्था एवं भाईचारे के साथ मनाया गया। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न अखाड़ों से ताजिया जुलूस निकाले गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रखंड के बासोडीह, मोदीडीह, शिवपुर, माधोपुर, सेलारी, डेबोडीह, अंगार, दोनैया, जगनीडीह, खुट्टा, रजघटी, बजनियाँ, राजाबर समेत अन्य क्षेत्रों से पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया।
जुलूस के दौरान युवाओं ने लाठी, तलवार, फरसा सहित अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ आकर्षक करतब और हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बासोडीह जामा इमामबाड़ा से निकला ताजिया जुलूस मुख्य मार्ग होते हुए बासोडीह बाजार एवं बस स्टैंड तक पहुंचा। इसके बाद जुलूस रामडीह और नौवाचक होते हुए देर शाम करबला पहुंचा। जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिया सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया गया।
पूरे जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा “या अली”, “या हुसैन” तथा “नारा-ए-तकबीर” के उद्घोष से माहौल गूंजता रहा। मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए एक-दूसरे का सहयोग किया। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। थाना प्रभारी बब्लू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ लगातार अंचल अधिकारी केशव प्रसाद चौधरी विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करते रहे “और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि धनंजय यादव, उप प्रमुख मनोज कुमार निराला प्रमुख प्रतिनिधि रामावतार चौधरी मुखिया उत्तम सिंह प्रतिनिधि विनोद यादव, मुखिया प्रतिनिधि शंकर यादव, नईम उद्दीन, नौशाद आलम नंदकिशोर साव पूर्व मुखिया प्ररमेश्वर शर्मा संदीप यादव प्रदीप यादव,सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन की सतर्कता एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।




