Ranchi News: डीएसपीएमयू में ग्रीष्मावकाश के बाद कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने की समीक्षा बैठक

रांची: सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। आज की यह बैठक विश्वविद्यालय में ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के उपरांत पहले कार्यदिवस पर आयोजित की गई।
इसका उद्वेश्य पूर्व के कार्यों की समीक्षा और आनेवाले अकादमिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के लिए संवाद और विमर्श करना था। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए शुरुआत में ही पूर्व में सूचीबद्ध कार्यों के संबंध में संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों से पूर्ण जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने वर्तमान में विश्वविद्यालय के नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया पर विचार विमर्श किया। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि नामांकन से संबंधित आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाने के उपरांत विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग पारदर्शिता को ध्यानार्थ रखते हुए एक मेधा सूची प्रकाशित करेंगे।उसी के आधार पर पूरी नामांकन प्रक्रिया संचालित होगी।
उन्होंने विभागाध्यक्षों से इस संदर्भ में स्पोर्ट्स, एनसीसी, बीपीएल श्रेणी के तहत लिए जानेवाले नामांकन के नियमों से संबंधित दिशा निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि आगामी यूजी छठें सेमेस्टर की परीक्षा अगस्त के अंत में और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जानी है। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि जल्द ही सत्र नियमित होने के उपरांत विश्वविद्यालय का यह लक्ष्य है कि वर्ष 2026 के अंत में दीक्षांत समारोह आयोजित कर अबतक के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए ताकि विश्वविद्यालय इस दिशा में अपडेट हो जाए।
कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने अपनी समीक्षा बैठक के तहत इस बाबत चर्चा की कि विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए बैकलॉग परीक्षाओं के संबंध में भी सकारात्मक निर्णय लेते हुए गत दिनों संपन्न सेमेस्टर पांच और वर्तमान में संचालित की जा रही सेमेस्टर 3 की परीक्षाओं में उन विद्यार्थियों को शामिल होने की अनुमति प्रदान की है, जो सामान्य सत्र में पीछे रह गए थे।
इस बैठक में सभी संकायों के डीन, डीएसडब्ल्यू डॉ सर्वोत्तम कुमार, कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार, वित्त पदाधिकारी डॉ अनीता मेहता, सभी विभागाध्यक्ष, निदेशक और समन्वयक मौजूद थे। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।


