Giridih News: मुहर्रम को लेकर प्रखंड सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति बैठक संपन्न
-1024x614.jpeg)
सरिया: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सरिया प्रखंड सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संतोष गुप्ता ने की, जबकि संचालन एसडीपीओ धनंजय राम ने किया।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ संतोष गुप्ता ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक समरसता का पर्व है। इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।
प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। सभी अखाड़ा समितियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा।
जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। एसडीपीओ धनंजय राम ने सुरक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी सभी जुलूसों और अखाड़ों की गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त कार्रवाई करेगी। बैठक में मुहर्रम को लेकर जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि:
1. जुलूस मार्ग में कहीं भी टूटे तार, अवरोध या अन्य समस्याएं होने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर उसे ठीक करे।
2. अखाड़ा समितियों को डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग संबंधी निर्धारित सरकारी नियमों और तय डेसिबल का पालन करने का निर्देश दिया गया।बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों एवं अखाड़ा प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के समक्ष अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। साथ ही, उन्होंने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने, कानून का सम्मान करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से सरिया अंचल अधिकारी (सीओ) संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ललितनारायण तिवारी, इंस्पेक्टर अजय कुमार, थाना प्रभारी पिंकु कुमार सिंह समेत बगोदर, सरिया एवं बिरनी प्रखंड के कई प्रशासनिक पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


