Giridih News: फूलों झानो तिरला नहाचार सुसार वैसी के बैनर तले मनाई गई कर्मा पूजा

गिरिडीह: भाई-बहन के अटूट प्रेम, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली का प्रतीक पर्व कर्मा पूजा मंगलवार को सिरसिया क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सिरसिया स्थित फूलों झानो तिरला नहाचार सुसार वैसी के बैनर तले आयोजित कर्मा पूजा में समिति के सदस्यों के साथ बच्चों और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ कर्म देव की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
वहीं, कर्मा पूजा की पूर्व संध्या पर आयोजित गीत-संगीत एवं नृत्य कार्यक्रम में बच्चों और समिति के सदस्यों ने पारंपरिक कर्मा गीतों पर जमकर नृत्य किया। ढोल-मांदर और पारंपरिक गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय हो गया। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि कर्मा पर्व हमारी समृद्ध परंपरा और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में एकजुटता और भाईचारे का संदेश देता है।
कर्मा पूजा को लेकर सिरसिया एवं आसपास के क्षेत्रों में दिनभर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। लोगों ने पारंपरिक तरीके से पर्व मनाकर अपनी संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखने का संदेश दिया।


