Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती और एसपी अमन कुमार ने किया पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण

हजारीबाग शहर के पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था का जायजा लेते उपायुक्त व एसपी।

हजारीबाग: दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मटवारी, कोर्रा, छठ तालाब, कालीबाड़ी एवं हुरहुरु सहित विभिन्न पूजा पंडालों तथा डेमोटांड़ स्थित रावण दहन स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, यातायात व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, उद्घोषणा प्रणाली, गैलरी, भीड़ नियंत्रण, मूर्ति विसर्जन मार्ग, बैरिकेडिंग, झांकी, स्वयंसेवकों की तैनाती एवं साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों को पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों की तैयारियों का जायजा लिया तथा पूजा समितियों से पंडालों की थीम एवं सजावट के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। डेमोटांड़ स्थित रावण दहन स्थल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि सभी पूजा समितियां दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More