रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

RSS Office ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात 2 अज्ञात युवकों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई। अब घटना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक हुई है। फुटेज में स्पष्ट दिखता है कि आधी रात के बाद दो व्यक्ति आरएसएस दफ्तर के नजदीक पहुंचते हैं, दोनों के हाथ में थैले हैं। एक युवक ने चेहरा ढका हुआ था, जबकि दूसरे का चेहरा कैमरे में साफ नजर आ रहा है। एक व्यक्ति पेट्रोल बम फेंकता दिखता है और दूसरा मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करता नजर आता है।
थैले से बोतल निकाली और आग लगाई
वीडियो में दिखता है कि एक व्यक्ति अपने थैले से पेट्रोल भरी बोतल निकालता है, उसमें आग लगाता है और आरएसएस कार्यालय की ओर फेंक देता है। इस दौरान दूसरा व्यक्ति पीछे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहता है। यह घटना रात करीब साढ़े बारह बजे की है। एक अन्य फुटेज में परिसर में पेट्रोल छिटकते हुए भी देखा जा सकता है। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो जाते हैं। फुटेज में दोनों की आयु 20 से 22 वर्ष के बीच प्रतीत होती है।-1781679789842.jpeg)
बीजेपी नेता पहुंचे आरएसएस कार्यालय
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रांची स्थित संघ कार्यालय पहुंचे। बाबूलाल मरांडी, सीपी सिंह और संजय सेठ ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक बम ऊपर की ओर फेंका गया जो फट गया और एक नीचे गिरा। सीसीटीवी में यह सब दर्ज हो गया और इसके बाद दोनों युवक भाग गए। उन्होंने कहा कि संघ कार्यालय जैसे हिंदू संगठन के दफ्तर पर इस तरह का हमला मामूली घटना नहीं है।

मरांडी ने पुलिस से मांग की कि इस दुस्साहस को अंजाम देने वालों को तत्काल पकड़ा जाए और कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाए। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर मामला करार दिया।
भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि वे पहले से कहते आए हैं कि इस राज्य में अपराधियों की समानांतर सत्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि देशसेवा में लगे संगठन के कार्यालय पर बम फेंकना यह दर्शाता है कि अपराधी तत्वों को कानून और पुलिस का कोई भय नहीं रहा। उन्होंने मांग की कि आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए।
कल होना है राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान
यह हमला उस वक्त हुआ जब पूरे प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं।


