Pakur News: एसआईआर अभियान को लेकर बाबुधन मुर्मू ने नगाड़ा बजाकर जगाया समाज

महेशपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों का नाम मतदाता सूची से न छूटे, इसे लेकर झामुमो युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन ने आज सुबह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नगाड़ा बजाकर लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेज समय पर बनवाने की अपील करते हुए बताया कि सोमवार से बुधवार तक महेशपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायत भवनों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान ये दस्तावेज अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को इसका लाभ उठाकर अपने प्रमाण पत्र अवश्य बनवा लेने चाहिए।
बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन ने शिवरामपुर एवं खांपुर पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर लोगों को शिविरों की जानकारी दी तथा समय पर पंचायत भवन पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग सरकारी योजनाओं और प्रक्रियाओं से वंचित रह जाते हैं। इसलिए जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने-अपने पंचायत भवन में पहुंचकर जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की ताकि SIR अभियान में किसी का नाम न कटे।


