शादी से पहले प्रेमी संग भागी बेटी: जीते जी पिता ने कर दिया पिंडदान, सोशल मीडिया पर आया शादी का वीडियो

गिरिडीह: प्रसिद्ध उत्तरवाहिनी तट राजदह धाम में मंगलवार को एक अनोखी और भावुक घटना देखने को मिली, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र की एक युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई और बाद में उससे विवाह कर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर दिया।
युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 20 जून 2026 को तय थी और विवाह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन 12 जून 2026 की रात मौका देखकर बेटी घर से फरार हो गई। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में आ गया।
पिता ने बताया कि बेटी के इस कदम से उन्हें सामाजिक और मानसिक रूप से काफी आघात पहुंचा है। इसी पीड़ा में उन्होंने परिवार और गांव समाज के लोगों के साथ सरिया स्थित उत्तरवाहिनी तट राजदह धाम पहुंचकर बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान विधि-विधान से कर दिया।
हिंदू धर्म में पिंडदान सामान्यतः मृत व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए किया जाता है। ऐसे में जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान किए जाने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। इस मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे पिता की भावनात्मक पीड़ा का परिणाम बता रहे हैं, वहीं कुछ इसे बदलते सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों से जोड़कर देख रहे हैं।




