मीरजापुर में पुलिस-गौ तस्कर मुठभेड़, एक के पैर में गोली, तीन गिरफ्तार

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विंध्याचल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार तड़के पुलिस और गौ-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपित घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से पांच गौवंश, एक पिकअप वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस ने गैपुरा क्षेत्र में वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस को देखकर वाहन सवार लालगंज की ओर भागने लगे।
घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग
दादर पहाड़ी के पास विंध्याचल थाना, गैपुरा चौकी और अष्टभुजा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
घायल आरोपित की पहचान रोहित यादव निवासी चंदौली के रूप में हुई है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार अन्य आरोपितों में अशोक यादव और राजीव तिवारी शामिल हैं।
पांच गौवंश और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, तस्करी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन और पांच गौवंश बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे गौवंश की तस्करी कर बिहार में बेचते थे।
आगे की कार्रवाई जारी
विंध्याचल थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि घायल आरोपित का उपचार कराया जा रहा है। सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।


