देवघर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई डिजिटल लॉकर सुविधा, अब निश्चिंत होकर करें बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन

देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने देवघर रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से यात्री और श्रद्धालु अपने सामान को सुरक्षित रूप से लॉकर में रखकर बिना किसी चिंता के मंदिर दर्शन और अन्य कार्यों के लिए जा सकेंगे। रेल प्रशासन के अनुसार डिजिटल लॉकर सुविधा पूरी तरह सुरक्षित और उपयोग में आसान है।
यात्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने बैग, सूटकेस एवं अन्य सामान को लॉकर में रख सकते हैं।लॉकर प्रणाली आधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे सामान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह सुविधा विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी होगी जो लंबी दूरी से यात्रा कर देवघर पहुंचते हैं और दर्शन के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। आसनसोल रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मार्शल ए सिल्वा ने बताया कि यह सुविधा 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी।
डिजिटल प्रणाली होने के कारण यात्रियों को लॉकर के उपयोग में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। स्टेशन परिसर में स्थापित इन लॉकरों का संचालन आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया है। देवघर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू होने से यात्रियों को भारी सामान लेकर मंदिर या शहर में घूमने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनेगी।
श्रावणी मेला सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को इस सुविधा का विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस आधुनिक सुविधा का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाएं। रेलवे की यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




