साहिबगंज में वृद्धजनों के लिए बड़ी पहल, शुरू हुआ वृद्धजन सहायता एवं सुविधा केंद्र

साहिबगंज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा वृद्धजन सहायता एवं सुविधा केंद्र की स्थापना की गई है।

साहिबगंज: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में जिले में ‘वृद्धजन सहायता एवं सुविधा केंद्र’ की स्थापना की गई है। यह पहल वृद्ध नागरिकों को कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं का लाभ और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

नालसा की जागृति योजना-2025 के तहत स्थापित इन केंद्रों का शुभारंभ साहिबगंज स्थित वृद्धा आश्रम और प्रखंड कार्यालय में किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से बुजुर्गों को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि केंद्रों में वृद्ध नागरिकों को निःशुल्क विधिक सलाह, शिकायत निवारण, दस्तावेजी सहायता, विवाद समाधान और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि केंद्र में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007 से संबंधित मामलों, संपत्ति विवाद, दुर्व्यवहार और अन्य कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सहायता उपलब्ध होगी। साथ ही समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

डीएलएसए की इस पहल को वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से इन केंद्रों की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More