Giridih News: सरिया में कछुआ गति से बन रहा ओवरब्रिज, विकास की भेंट चढ़े सैकड़ों रोजगार

गिरिडीह: विकास जब विनाश का रूप लेने लगे, तो जनता का सब्र टूटने लगता है। कुछ ऐसा ही मंजर इन दिनों सरिया बाजार के हृदय स्थल, यानी रेलवे फाटक के पास देखने को मिल रहा है। यहां बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य विकास की गति को रफ्तार देने के बजाय कछुए की चाल से रेंग रहा है। नतीजतन, स्थानीय जनता जाम और धूल फांकने को मजबूर है। वहीं दूसरी ओर इस अधूरे विकास ने सैकड़ों परिवारों के मुंह से निवाला छीन लिया है।
लगभग दो वर्ष पहले जब इस ओवरब्रिज के निर्माण की सुगबुगाहट शुरू हुई थी, तब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही सड़क के दोनों ओर बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई। देखते ही देखते दशकों पुरानी दुकानें मलबे में तब्दील हो गईं।
प्रशासन ने सड़क तो चौड़ी कर दी, लेकिन उन छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों के पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की, जो इस बाजार की रीढ़ थे। आज स्थिति यह है कि लगभग दो वर्ष बीतने को हैं और रोजगार गंवा चुके लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। रोजगार छिनने का यह दर्द अब स्थानीय लोगों के आक्रोश में बदलने लगा है।
समय पर काम पूरा करने के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। दो साल का लंबा समय गुजर जाने के बावजूद ओवरब्रिज का निर्माण कार्य आधा भी पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण स्थल पर अक्सर सन्नाटा पसरा रहता है या फिर इक्का-दुक्का मजदूर काम करते नजर आते हैं।
“हार्ट ऑफ द सिटी” कहे जाने वाले इस बाजार का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उड़ती धूल और संकरे रास्तों के कारण ग्राहकों ने बाजार का रुख करना कम कर दिया है। जो बचे-खुचे दुकानदार हैं, उनकी बिक्री भी प्रभावित हो रही है।
रेलवे फाटक बंद होने पर लगने वाला लंबा जाम अब और गंभीर समस्या बन चुका है। एम्बुलेंस से लेकर स्कूली बसें तक घंटों जाम में फंसी रहती हैं। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की यही रफ्तार रही, तो ओवरब्रिज को पूरा होने में और कई वर्ष लग सकते हैं।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और ठेकेदार इस जनसमस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं या सरिया की जनता को अभी और लंबे समय तक अधर में लटके इस विकास कार्य का दंश झेलना पड़ेगा।


