Bokaro News: कुड़पनिया कबीर गौशाला में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने पर महामंथन

बेरमो के नावाडीह प्रखंड स्थित कुड़पनिया कबीर गौशाला में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत त्रि-जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें मुख्य वक्ता साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती ने गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने और देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए कड़े राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की।

बेरमो: गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर चल रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत बुधवार की रात नावाडीह प्रखंड के खरपिटो पंचायत स्थित कुड़पनिया कबीर गौशाला प्रांगण में संभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बोकारो, गिरिडीह और धनबाद जिले के सैकड़ों गौभक्त, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता एकजुट हुए।

साध्वी ने गौसेवा को राष्ट्रधर्म बताया: कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध गौ कथा वाचक साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी ने कहा कि “गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है। यह हमारे राष्ट्र की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण की आधारशिला है। गोबर, गोमूत्र और पंचगव्य से बनी जैविक खेती ही किसानों को कर्ज के जाल से मुक्त कर सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की कि पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और गौवंश संरक्षण के लिए कठोर राष्ट्रीय कानून बनाया जाए। 

साध्वी ने तर्क दिया जब देश की आर्थिक व्यवस्था के लिए जीएसटी, धारा 370 जैसा व्यापक कानून बनाया जा सकता है, तो देश की आत्मा गौ माता की रक्षा के लिए राष्ट्रीय कानून क्यों नहीं बन सकता।राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने का संकल्प: साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती ने देशवासियों से आह्वान किया कि गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का संवैधानिक सम्मान दिलाने के लिए चल रहे जन-आंदोलन में भारी संख्या में जुड़ें। उन्होंने कहा, “जब तक गौ माता सुरक्षित हैं, तभी तक भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा सुरक्षित रहेगी। गौवंश की रक्षा ही राष्ट्र की रक्षा है। बैठक में उपस्थित सभी गौभक्तों ने संकल्प लिया कि वे इस अभियान को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएंगे और गौ सम्मान के लिए संगठित होकर कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में नावाडीह प्रमुख पूनम देवी, जिप सदस्य फुलमती देवी, नावाडीह मुखिया किरण देवी, खरपिटो मुखिया नंदलाल नायक, पंसस डीलेश्वर महतो, भाजपा नेता फूलचंद किस्कू और कबीर गौशाला के संस्थापक छत्रबली पंडित मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभी वक्ताओं ने गौशाला के विकास और गौसेवा को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार और गौ माता की आरती के साथ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More