रिश्तों का कत्ल!शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने ले ली मां की जान

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुरेह में रविवार शाम शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज एक युवक ने अपनी 75 वर्षीय बुजुर्ग मां की कथित तौर पर जमीन पर पटककर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरेह निवासी पप्पू वर्मा (पुत्र मुनुवा) रविवार शाम शराब के नशे में घर पहुंचा। घर आते ही उसने अपनी मां रामरति से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
बताया गया कि विवाद के दौरान आरोपी की बहन ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर पप्पू वर्मा और अधिक उग्र हो गया और अपनी बहन के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। जब मां रामरति ने बेटे को समझाने और बहन के साथ दुर्व्यवहार करने से रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया।
आरोप है कि गुस्से में पप्पू ने अपनी बुजुर्ग मां को उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। गिरने के दौरान उनका सिर पास में पड़े पत्थर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि ग्राम गुरेह से सूचना प्राप्त हुई थी कि शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।


