Dhanbad News: करीब 3 वर्षों से फरार वारंटी अभियुक्त प्रभु महतो को तिसरा थाना पुलिस ने दबोचा

धनबाद: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय से निर्गत वारंट के आलोक में तिसरा थाना पुलिस ने करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त प्रभु महतो उर्फ मांझी महतो को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त कुंईया बस्ती, पोस्ट आमटाल, थाना तिसरा, जिला धनबाद का निवासी है। वह स्वर्गीय गुरु महतो उर्फ गुजु महतो का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार, ओएम केस संख्या 606/2019 (ईपी) के मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था। इसी के आधार पर तिसरा थाना प्रभारी गिरधर गोपाल के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार मेहता एवं सशस्त्र बल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए अग्रसारित किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। तिसरा थाना प्रभारी गिरधर गोपाल ने बताया कि थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अन्य अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार वारंटियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने का प्रयास जारी है।


