Sahebganj News: नशीले पदार्थ के खिलाफ अभियान जारी, उधवा ओवरब्रिज पर पुलिस ने युवक को दबोचा

साहिबगंज: मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में साहिबगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उधवा प्रखंड स्थित ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर पुलिस ने 7.88 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस सम्बन्ध में आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि उधवा ओवरब्रिज के समीप अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना पर उधवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से 7.88 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम फिरोज शेख (23 वर्ष), पिता स्वर्गीय अताउल शेख, निवासी पहाड़गांव, थाना राधानगर बताया। इस मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 198/26 दर्ज कर ‘मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम’ की धारा 21/27 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में उधवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उधवा जयंत कुमार तिवारी, थाना प्रभारी राधानगर अमित कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार देव, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रह्लाद मेहरा और आरक्षी दुलारचंद यादव शामिल थे। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।


