Deoghar News: डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं

देवघर: जिलावासियों की समस्या के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, भू-राजस्व, पेंशन, आवास से जुड़े मामलों को डीसी के समक्ष रखा। डीसी ने उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी एवं आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा।
वहीं जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से संबंधित मामलों को ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया गया। साथ पेंशन और आवास योजना से जोड़ने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। भू-अर्जन से जुड़े मामले में डीसी ने कैम्प लगाकर आमजनों के समस्या का समाधान ससमय करे।
जनता दरबार के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और स्थानीय स्तर पर निवारण को लेकर डीसी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने थानों में नियमित रूप से थाना दिवस का आयोजन सुनिश्चित करें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को होने वाली प्रशासनिक और मानसिक असुविधाओं को दूर करना है। आगे विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये, जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे।
ऐसे में जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवेदनों का भौतिक जांच करते हुए, उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश सभी अंचलों के अंचलाधिकारी को दिया।
इसके अलावे उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके। इस दौरान अपर समाहर्ता हीरा कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, एडीएसएस सरिता भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।


