Dhanbad News: त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में दिलशाद की हत्या, प्रेमिका गिरफ्तार; मंगेतर फरार

धनबाद: भौरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला दामोदर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास शेड में हुई दिलशाद अंसारी की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। गुरुवार को जोड़ापोखर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी की हत्या उसकी प्रेमिका कोमल वर्णवाल ने अपने नए प्रेमी एवं होने वाले मंगेतर रोशन कुमार के साथ मिलकर साजिश रचकर की। एक जून को दोनों ने दिलशाद को कालीमेला श्मशान घाट के शेड तक बुलाया और वहां उसका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब फरार आरोपी रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में जोड़ापोखर थाना कांड संख्या 65/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज है।
इधर, जांच से असंतुष्ट मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने जोड़ापोखर थाना के समक्ष प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा पर्दे के पीछे शामिल अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


