Sahebganj News: चांय विकास समिति ने भरी हुंकार, झारखंड में चांय समुदाय को ST का दर्जा देने की मांग

साहिबगंज के राजमहल प्रखंड में झारखंड राज्य चांय विकास समिति के 33वें स्थापना दिवस पर विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चांय समुदाय को झारखंड में भी बिहार और बंगाल की तर्ज पर अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने की मांग उठाते हुए मांग पूरी न होने पर सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी दी गई।

साहिबगंज: झारखंड राज्य चांय विकास समिति के 33वें स्थापना दिवस पर राजमहल प्रखंड के कमलैन बगीचा में विशेष बैठक हुई। समिति के संस्थापक नरेशचंद्र मंडल की अध्यक्षता में हुई बैठक में चांय समुदाय के अधिकारों, विकास और संघर्ष की रणनीति पर मंथन हुआई। बैठक में बताया गया कि समिति की स्थापना 31 मई 1993 को हुई थी। स्थापना दिवस पर संगठन के 33 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और समुदाय हित में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में सबसे प्रमुखता से चांय समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने की मांग उठी। नेताओं ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में चांय समुदाय को संवैधानिक सुविधाएं मिल रही हैं, पर झारखंड में समुदाय अब भी वंचित है। संगठन ने राज्य सरकार से मांग की कि चांय समुदाय को तत्काल ST सूची में शामिल किया जाए। 

समिति के प्रतिनिधियों ने दो टूक कहा कि चांय समुदाय लंबे समय से पहचान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र फैसला नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक व्यापक आंदोलन करेगा।

बैठक में युवाओं की शिक्षा, रोजगार, सामाजिक भागीदारी और संगठन के विस्तार पर भी कई अहम फैसले लिए गए। वक्ताओं ने एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संगठित रहने का आह्वान किया। मौके पर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि राजेश मंडल, अनिल सरकार, दीपनारायण मंडल, रामेश्वर मंडल, अशोक मंडल, मनोज सरकार, मानव मंडल, सागर मंडल, रामविलास मंडल, बिहारी मंडल सहित चाय समिति के सैकड़ों पदाधिकारी, सदस्य और समुदाय के लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More