Giridih News: 109 वर्षीय वृद्ध को बहू-बेटियों ने दिया कंधा, गाजे-बाजे के साथ निकली अंतिम यात्रा
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
गिरिडीह: प्रखंड के मुरखारी गांव के 109 वर्षीय वृद्ध स्वर्गीय सबुर पंडित को सोमवार सुबह बहू-बेटियों ने कंधा देकर श्मशान घाट पहुंचाया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनका निधन रविवार रात स्वाभाविक रूप से हो गया था।
स्वर्गीय सबुर पंडित के लंबे और सफल जीवन को सम्मान देने के लिए परिजनों ने उनके निधन पर गाजे-बाजे, जुलूस और आतिशबाजी के साथ अंतिम यात्रा निकाली। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भाग लिया।
उनके निधन की खबर सुनते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया। शव यात्रा में जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिगंबर दिवाकर, मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो, मुखिया विकास मंडल, पंचायत समिति सदस्य मनोज पंडा, उपमुखिया अंबिका पंडा, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मिथलेश सिंह, वार्ड सदस्य नागो सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
ग्रामीणों के अनुसार, स्वर्गीय सबुर पंडित आजादी के समय से ही समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने जीवनभर लोगों की सेवा को अपना उद्देश्य बनाया। वे मंत्र-तंत्र और पारंपरिक उपचार विधाओं में भी पारंगत थे। ग्रामीणों का कहना है कि विषैले जीव-जंतुओं के काटने पर वे झाड़-फूंक के माध्यम से लोगों का उपचार करते थे और उनकी सेवाओं का लाभ दूर-दूर के लोग उठाते थे।
उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों को उनकी कमी खल रही है।
स्वर्गीय सबुर पंडित अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में अनंत पंडित, रीतलाल पंडित, सरयू पंडित, बंदिल पंडित, सोमनाथ पंडित, संजय पंडित, पप्पू पंडित, त्रिपुरारी पंडित, बबलू पंडित सहित कई पुत्र, पोते और परपोते शामिल हैं।


