जन शिकायत पर पहल का परिणाम, गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज

जन शिकायत के बाद गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज।

गिरिडीह: गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की मांग को लेकर की गई शिकायत पर पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल ने सकारात्मक कार्रवाई की है। रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा चुका है।

प्राप्त पत्र के अनुसार, सुनील कुमार खंडेलवाल, निवासी कुटिया रोड, गिरिडीह के द्वारा दर्ज शिकायत दिनांक 04 अक्टूबर 2026 के जवाब में रेलवे प्रशासन ने यह जानकारी दी है। पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल की ओर से जारी पत्र संख्या WM/R/CPGRAMS, दिनांक 12 अक्टूबर 2026, में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा चुका है।

यह कार्रवाई जन शिकायतों के माध्यम से नागरिकों द्वारा उठाए गए विषयों के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर तिरंगे की उपस्थिति नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को और सुदृढ़ करती है।

इस संबंध में श्री सुनील कुमार खंडेलवाल ने रेलवे प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन भविष्य में भी जनभावनाओं और सार्वजनिक हित से जुड़े विषयों पर इसी प्रकार संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करता रहेगा।

यह प्रकरण इस बात का सकारात्मक उदाहरण है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की सजगता और शिकायत निवारण प्रणाली के समुचित उपयोग से जनहित के मुद्दों पर सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More