बकरीद के दूसरे दिन भी पाकुड़ में कायम रहा अमन-चैन, कड़ी सुरक्षा में अदा हुई जुम्मे की नमाज

पाकुड़: ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व 2026 के अवसर पर पाकुड़ जिले में दूसरे दिन शुक्रवार को भी शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। जिले की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर जुम्मे की नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश और राज्य में अमन-चैन, खुशहाली एवं भाईचारे की दुआ मांगी।
पर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं पाकुड़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिले के सभी प्रमुख मस्जिदों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बलों की व्यापक तैनाती की गई थी। इसके साथ ही विभिन्न चौक-चौराहों पर क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) को भी सक्रिय रखा गया, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्ती अभियान चलाया गया और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी गई। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। अफवाह फैलाने वाले एवं असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
पाकुड़ police ने जिलेवासियों से पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। प्रशासन की सक्रियता एवं आम लोगों के सहयोग से जिले में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहा है।


