Palamu News: चारधाम मंदिर की कमान अब अजीत चौधरी के हाथ, सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष

चारधाम मंदिर परिसर में नई कमेटी के गठन को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित गणमान्य लोग।

पलामू: हुसैनाबाद शहर के नहर मोड़ स्थित चारधाम मंदिर की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के उद्देश्य से मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व अध्यक्ष अजय प्रसाद गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद नई कमेटी का गठन किया गया। इसमें समाजसेवी अजीत कुमार चौधरी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।

बैठक की अध्यक्षता राजकुमार चंद्रवंशी ने की, जबकि संचालन समाजसेवी मुन्ना कुमार देव ने किया। मंदिर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा के बाद नई कमेटी के पदाधिकारियों का चयन किया गया। अध्यक्ष पद के लिए मुन्ना कुमार देव ने अजीत कुमार चौधरी का नाम प्रस्तावित किया, जिसका उपस्थित ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर समर्थन किया। इसके बाद अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से चयन किया गया। संरक्षक मंडल में विद्या सिंह,सोनू कुमार चंद्रवंशी, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, आनन्द पाठक, जयकुश गुप्ता, अशोक साव, पवन चंद्रवंशी एवं अयोध्या प्रसाद जी को प्रमुखता दी गई है।

नई कमेटी में अभिमन्यु प्रसाद गुप्ता को उपाध्यक्ष, सुशील कुमार सिंह को सचिव, नीरज पटेल को उपसचिव, राजकुमार को कोषाध्यक्ष और रवि विश्वकर्मा को उपकोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, मुन्ना कुमार देव को संयोजक तथा मुकेश पटेल को उपसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में उम्मीद जताई गई कि नई कमेटी आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता से मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएगी। साथ ही धार्मिक आयोजनों के व्यवस्थित संचालन, मंदिर परिसर की सुव्यवस्था और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रियता से कार्य करेगी। नई कमेटी के गठन से मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं में बेहतर व्यवस्था और धार्मिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई। बैठक में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More