शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बड़ी लापरवाही उजागर, धक्के के सहारे चल रही 108 एंबुलेंस

हजारीबाग: जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मरीजों की जान बचाने और आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने वाली 108 एंबुलेंस सेवा खुद बदहाली का शिकार हो चुकी है। अस्पताल परिसर में कई एंबुलेंस धक्के के सहारे चालू की जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और रखरखाव व्यवस्था की पोल खुल गई है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में संचालित 35 एंबुलेंस में से 20 से अधिक वाहनों की बैटरियां खराब बताई जा रही हैं। हालत यह है कि कई एंबुलेंस स्टार्ट ही नहीं हो पा रही हैं। जरूरत पड़ने पर कर्मियों और चालकों को धक्का लगाकर एंबुलेंस चालू करनी पड़ रही है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज के लिए ले जाना बड़ी चुनौती बन गया है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही संसाधनों की कमी बनी हुई है। अब एंबुलेंस सेवा की यह स्थिति मरीजों के लिए और भी खतरनाक साबित हो सकती है। लोगों ने आरोप लगाया कि समय-समय पर वाहनों का रखरखाव नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।
बताया जा रहा है कि कई एंबुलेंस लंबे समय से बिना मरम्मत के चल रही थीं। बैटरियों के खराब होने की सूचना संबंधित विभाग को दिए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। अस्पताल परिसर में खड़ी खराब एंबुलेंसें स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की कहानी बयां कर रही हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि 108 एंबुलेंस सेवा किसी भी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या प्रसव जैसी आपात स्थितियों में यही सेवा मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होती है, लेकिन जब एंबुलेंस ही समय पर नहीं चले, तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।


