दोस्त की गला दबाकर हत्या, शव जंगल में फेंका; दिल्ली में आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली/साहिबगंज: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने झारखंड राज्य के साहिबगंज जिला अंतर्गत बोरियो प्रखंड के बरमसिया में हुई सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले को सुलझाते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के बाद साहिबगंज से भागकर दिल्ली में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे यमुना बाजार इलाके से दबोचा।
मामला झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र का है, जहां 21 मई 2026 को चंपई मरांडी नामक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। जांच के दौरान करीब 10 दिन बाद मृतक का शव जंगल से बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या से पहले मृतक आरोपी सुखदेव मुर्मू उर्फ ताला और अन्य साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर चंपई मरांडी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपाकर फरार हो गए।
दिल्ली क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम को हेड कांस्टेबल गौरव के जरिए सूचना मिली कि हत्या का आरोपी सुखदेव मुर्मू यमुना बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास मौजूद है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी ने कुछ लोगों के सामने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने साहिबगंज पुलिस से संपर्क कर जानकारी साझा की। बोरियो थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि आरोपी हत्या के बाद से फरार चल रहा था। सूचना पक्की होने के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने यमुना बाजार इलाके में निगरानी बढ़ाई और जाल बिछाकर 24 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी सुखदेव मुर्मू ने खुलासा किया कि 12 मई को वह अपने साथियों बाबूजी मरांडी, मंगल टुडू और मृतक चंपई मरांडी के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ और उसके साथियों ने मृतक का गला दबा दिया, जबकि उसने भी हत्या में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस ऑपरेशन को इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में एसआई मोहित, एसआई दिनेश, हेड कांस्टेबल पंकज, अंकुर, हरेंद्र, करमजीत, गौरव और अश्विनी की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी सतेंद्र मोहन की निगरानी में की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से बोरियो थाना पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


