धनबाद विधायक राज सिन्हा का बड़ा कदम: दानापुर-कोडरमा ट्रेन को धनबाद तक विस्तारित करने की उठी मांग

धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मंगलवार को अखिलेश मिश्रा से मुलाकात कर क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं रेल सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दानापुर–कोडरमा ट्रेन संख्या 13233/13234 को धनबाद तक विस्तारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
विधायक ने कहा कि ट्रेन का धनबाद तक विस्तार होने से कोयलांचल सहित आसपास के हजारों यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यात्रियों को कोडरमा तक पहुंचने में अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। ट्रेन विस्तार से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और इलाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
बैठक में विधायक राज सिन्हा ने भूली क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य के कारण उत्पन्न जल संकट का मामला भी डीआरएम के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि जोड़िया नदी में मिट्टी जमा होने से पानी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया है। इसके चलते बीसीसीएल की जलापूर्ति पाइपलाइन पानी में डूब गई है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री मानस प्रसून, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, निर्मल प्रधान एवं मनोज मालाकार भी मौजूद थे। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।


